चित्तौड़गढ़। श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संस्थान द्वारा मुमुक्षु बहिन नेहा जैन की भव्य शोभायात्रा शुक्रवार सुबह 8:30 बजे गांधी चौक से प्रारंभ हुई, जो सुभाष चौक, राणा सांगा बाजार होते हुए श्री जैन दिवाकर भवन पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में शोभायात्रा का नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
शोभायात्रा के दौरान संघ संचालक नरेश मुनि जी म.सा., सत्य प्रकाश मुनि जी म.सा., समकित मुनि जी म.सा. सहित ठाणा- 2 के revered साधु-साध्वियों ने प्रवचन व मांगलिक प्रदान कर वातावरण को धर्ममय बना दिया।
श्रमण संघ महामंत्री राजेश सेठिया ने बताया कि दिवाकर भवन पहुंचने पर श्रमण संघ अध्यक्ष किरण डांगी ने मुमुक्षु बहिन का जीवन परिचय प्रस्तुत किया। तत्पश्चात श्री जैन दिवाकर महिला परिषद की अध्यक्ष संगीता चिप्पड़ के नेतृत्व में स्वागत-गीत प्रस्तुत किया गया।
अनेक जैन संगठनों ने किया स्वागत-
इस अवसर पर कई जैन संघों व संस्थाओं ने मुमुक्षु बहिन का पुष्पवर्षा एवं माल्यार्पण कर आत्मीय स्वागत किया। इनमें श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संस्थान चित्तौड़गढ़ व सेंथी, श्री शांत क्रांति संघ, श्री साधुमार्गी संघ, श्री सुधर्मा संघ, श्री मूर्तिपूजक संघ, श्री अंबेश सेवा समिति, श्री मीरा नगर संघ, श्री जैन दिवाकर संगठन समिति, महिला परिषद, युवा संगठन, श्री समता महिला संघ, श्री चंदनबाला समिति, जैन कॉन्फ्रेंस राजस्थान, यश वेणी संस्थान सहित अनेक संगठन शामिल थे।
पदाधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में श्रमण संघ अध्यक्ष किरण डांगी, महामंत्री राजेश सेठिया, मंत्री प्रदीप बाबेल, उपाध्यक्ष अजीत नाहर, साधुमार्गी संघ अध्यक्ष रोशन लोढ़ा, शांत क्रांति संघ अध्यक्ष सुरेश लोढ़ा, सुधर्मा संघ अध्यक्ष चांदमल बोकाडिया, जैन दिवाकर संगठन समिति अध्यक्ष राजेश सेठिया, महिला परिषद अध्यक्ष संगीता चिप्पड़, युवा परिषद अध्यक्ष अर्पित बोहरा, जैन कॉन्फ्रेंस की अंगूरबाला भड़कतिया सहित अनेक पदाधिकारी व समाजजन मौजूद रहे। दिवाकर भवन में मुमुक्षु बहिन नेहा जैन ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन संघ संरक्षक मनसुख पटवारी ने किया।
5 जनवरी 2026 को होगी दीक्षा-
उल्लेखनीय है कि परम् पूज्या गुरु श्री धैर्यप्रभा म.सा. की सुशिष्या, नव-दीक्षार्थी वैरागन बहिन नेहा जैन की दीक्षा 5 जनवरी 2026 को बड़ीसादड़ी में संपन्न होगी। कार्यक्रम के अंत में संस्थान की ओर से प्रभावना वितरित की गई।