चित्तौड़गढ़। राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत आयुर्वेद विभाग चित्तौड़गढ़ की ओर से 13 दिसम्बर से दस दिवसीय निःशुल्क आयुर्वेद अंतरंग क्षारसूत्र शल्य चिकित्सा शिविर आयोजित किया जायेगा।
आयुर्वेद विभाग चित्तौड़गढ़ के उप निदेशक डॉ. तरूण कुमार प्रमाणिक ने जानकारी देते हुए बताया कि यह शल्य चिकित्सा शिविर 13 दिसम्बर से 22 दिसम्बर तक शहर के अटल सामुदायिक भवन गांधीनगर में आयोजित किया जायेगा। उन्होने बताया कि इस शिविर में क्षारसूत्र पद्धति से अर्श (मस्सा), भगंदर (फिस्टूला), परिकर्तिका (फिशर), नाड़ीव्रण (साईनस) आदि रोगों का ऑपरेशन क्षार सूत्र विशेषज्ञ डॉ. तरूण कुमार प्रमाणिक (चित्तौड़गढ़), डॉ. उदय भानु प्रताप सिंह (सिरोही) एवं डॉ. किष्किन्धा पंकज की टीम द्वारा किया जायेगा। महिलाओं के समस्त रोगों का उपचार डॉ. सरिता ए. कुमार की टीम द्वारा किया जायेगा। मधुमेह, मोटापा, पेट से सम्बन्धित रोग, श्वास एवं अन्य रोगों का उपचार डॉ. शैलेन्द्र सिंह मंडलोई, डॉ. मुकेश कुमार शर्मा एवं डॉ. विनोद गंधर्व की टीम द्वारा किया जायेगा। पांव की कीले, चर्म रोग, एक्जिमा, सोरायसीस, एड़ी दर्द, कमर दर्द जोड़ो का दर्द एवं साईटिका आदि का उपचार जलौकावचरण (लीच), अग्निकर्म एवं रक्त मोक्षण विशेषज्ञ डॉ. सौरभ सिंह हाड़ा एवं डॉ. वीरेन्द्र सिंह हाड़ा की टीम द्वारा किया जायेगा। डॉ. प्रमाणिक ने बताया कि प्रतिदिन सुबह 10 बजें से शाम 5 बजें तक आयोजित होने वाले इस शल्य चिकित्सा शिविर के लिए 12 दिसम्बर से पूर्व पंजीयन कराना आवश्यक है। उन्होने बताया कि शिविर में भर्ती होने वाले रोगियों के लिए भोजन, बिस्तर एवं दवाइयों की व्यवस्था निशुल्क रहेगी। खाने के बर्तन रोगी को अपने साथ लाने होंगे।