नीमच। जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कुकड़ेश्वर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ग्राम श्योपुरिया चक्की वाला क्षेत्र में की गई कार्रवाई में पुलिस ने करीब 15 हजार हरे गांजा पौधे जब्त किए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई गई है। जब्त पौधों का कुल वजन लगभग 3.25 क्विंटल बताया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 05 दिसंबर को निरीक्षक भीमसिंह सिसौदिया को मुखबिर से सूचना मिली कि श्योपुरिया चक्की वाला के जंगल की ओर कच्चे रास्ते के समीप स्थित खेत में, गेहूं एवं रायड़ा की फसल की आड़ में अवैध गांजा खेती की जा रही है। सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सर्वे क्र. 108 की भूमि पर बड़ी मात्रा में उगाए गए गांजा पौधे बरामद किए।

जमीन के स्वामित्व के संबंध में जानकारी राजस्व विभाग से प्राप्त की जा रही है। पुलिस ने मौके से सभी पौधों को जप्त कर केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक (IG) उज्जैन ज़ोन, उप पुलिस महानिरीक्षक (DIG) रतलाम रेंज और पुलिस अधीक्षक (SP) अंकित कुमार जायसवाल के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) नवल सिंह सिसौदिया एवं SDOP शाबेरा अंसारी के मार्गदर्शन में गठित टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया।कार्रवाई में थाना कुकड़ेश्वर, थाना मनासा और थाना रामपुरा की टीमों का सराहनीय योगदान रहा।
