नीमच। मध्यप्रदेश होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा संगठन का 79वां स्थापना दिवस आज सुबह कनावटी स्थित होमगार्ड लाइन में गरिमामय और उत्साहपूर्ण माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर हिमांशु चन्द्रा एवं पुलिस अधीक्षक अंकित कुमार जायसवाल ने विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित होकर परेड की सलामी ली।
शानदार परेड और फॉर्मेशन-
समारोह में 160 जवानों एवं एनसीसी कैडेट्स ने अनुशासन, तालमेल और उत्कृष्ट प्रशिक्षण का प्रदर्शन किया। दस्तेवार मार्च, कमांड परिवर्तन, झंडा सम्मान तथा आपदा प्रबंधन से जुड़े विशेष फॉर्मेशन ने दर्शकों और अधिकारियों की खूब सराहना प्राप्त की।
होमगार्ड के योगदान पर प्रकाश-
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि होमगार्ड समाज सेवा, पुलिस व प्रशासन को सहयोग, आपदा राहत एवं बचाव कार्य, चुनावी ड्यूटी तथा यातायात नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अपनी अहम और विश्वसनीय भूमिका निभा रहा है। अधिकारियों ने कहा कि स्थापना दिवस संगठन की शक्ति, अनुशासन और सेवा-समर्पण की परंपरा को और मजबूत करता है।
मेधावी छात्रों और उत्कृष्ट जवानों का सम्मान-
समारोह में होमगार्ड परिवार के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहन राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। सम्मानित विद्यार्थियों में सृष्टि दिव्या मालवीय, अनुज मालवीय, पुष्पा बंसल, सृष्टि राजेश्री चुंडावत और गोविंद बगरान शामिल रहे। इसके अलावा जिले के 14 होमगार्ड जवानों को वर्षभर की उत्कृष्ट सेवाओं और उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर संजय जोशी ने किया।