प्रतापगढ़। जिला कलेक्टर डॉ. अंजलि राजोरिया ने गुरुवार देर रात मुख्यालय स्थित बस स्टैंड परिसर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बस स्टैंड की अव्यवस्थित साफ–सफाई, सुरक्षा संसाधनों की कमी और बंद सुविधाओं को देखकर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए नगर परिषद अधिकारियों को फटकार लगाई तथा तत्काल सुधार हेतु निर्देश जारी किए।
गंदगी देखकर कलेक्टर नाराज, कहा- यात्रियों को स्वच्छ वातावरण मिलना चाहिए
कलेक्टर राजोरिया ने परिसर में जगह–जगह फैली गंदगी और अव्यवस्था पर कड़ा असंतोष जताया। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थान पर प्रतिदिन हजारों यात्री आते–जाते हैं, इसलिए वहां स्वच्छ और सुचारु व्यवस्था अनिवार्य है। उन्होंने अधिकारियों को हाई–क्लीनिंग और नियमित मॉनिटरिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
सुरक्षा बढ़ाने के आदेश- परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगेंगे
निरीक्षण में मजबूत सुरक्षा व्यवस्था का अभाव पाया गया। इस पर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि बस स्टैंड परिसर में तुरंत सीसीटीवी कैमरों की स्थापना की जाए, ताकि सुरक्षा निगरानी और गश्त को प्रभावी बनाया जा सके। उन्होंने शहर कोतवाल दीपक बंजारा को परिसर में नियमित गश्त बढ़ाने के भी निर्देश दिए।
रैनबसेरा हमेशा खुला रखने के निर्देश-
बस स्टैंड के बाहर खुले में सो रहे लोगों को देखकर कलेक्टर ने नगर परिषद आयुक्त को निर्देशित किया कि रैन बसेरा हर समय खुला और सक्रिय रहे, ताकि जरूरतमंद लोग सुरक्षित रूप से रुक सकें। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों पर व्यवस्थाएं जनता की सुविधा के लिए होती हैं, इन्हें बंद रखना गंभीर लापरवाही है।
बेबी फीडिंग रूम व महिला शौचालय बंद मिले, कलेक्टर ने जताई कड़ी आपत्ति
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर को पूर्व में स्थापित बेबी फीडिंग रूम मौके पर नहीं मिला। इस पर उन्होंने अधिकारियों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए तुरंत इसे पुनः सुचारु करने के निर्देश दिए।
साथ ही, महिला शौचालय बंद मिलने पर उन्होंने इसे तुरंत खोलकर 24 घंटे संचालन में रखने के आदेश दिए।
सुलभ शौचालयों की स्वच्छता में भी कमी पाई गई, जिस पर उन्होंने साफ–सफाई नियमित कराने को कहा।
पहले की सफाई एक दिन में धरी की धरी- लापरवाही उजागर
बुधवार को निरीक्षण की आशंका के चलते नगर परिषद द्वारा परिसर की सफाई करवाई गई थी, लेकिन गुरुवार रात के अचानक निरीक्षण में फिर से कई स्थानों पर गंदगी और लापरवाही उजागर हुई। इससे कलेक्टर ने सख्त नाराजगी जताई।
कलेक्टर का चेतावनी भरा संदेश
निरीक्षण के दौरान नगर परिषद आयुक्त जितेंद्र मीणा एवं शहर कोतवाल दीपक बंजारा भी मौजूद रहे।
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि शहर की प्रमुख सार्वजनिक जगहों की स्वच्छता और सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही कदापि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों से हर स्तर पर व्यवस्था सुधारने को कहा गया।