मंदसौर। नाबालिग छात्रा का अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने के मामले में गरोठ क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें रिमांड पर भेज दिया गया। उधर, आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर स्थानीय नागरिकों का विरोध प्रदर्शन जारी है। प्रशासन ने शनिवार सुबह आरोपियों के मकानों पर बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।

शामगढ़ पूरी तरह बंद, बाजार से लेकर स्कूल तक बंद रहे
शनिवार को शामगढ़ नगर में पूर्ण बंद का व्यापक असर दिखाई दिया। कृषि उपज मंडी, निजी स्कूल-कॉलेज, बाजार, चाय-नाश्ता केंद्र, सब्जी-फल ठेले सहित सभी प्रतिष्ठान बंद रहे। नागरिकों ने दोषियों पर कठोर दंड की मांग करते हुए जुलूस निकालने और कड़ी कार्रवाई की मांग की।

एएसपी बोले- कानून हाथ में न लें, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
एएसपी तैर सिंह बघेल ने कहा कि पुलिस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से शांति बनाए रखने और कानून हाथ में न लेने की अपील की।

पूरा मामला क्या है?
आरोपी रेहान, पीड़िता का परिचित बताया गया है। 6 नवंबर को जब नाबालिग घर पर अकेली थी, तब रेहान कथित रूप से चाकू लेकर घर में घुस गया। धमकी देते हुए कहा कि यदि वह सहयोग नहीं करेगी तो पुराने फोटो वायरल कर देगा। आरोप है कि उसने चाकू की नोक पर पीड़िता का अश्लील वीडियो बनाया।

इसके बाद आरोपियों ने 5 लाख रुपये की मांग की और जबरन 2 लाख रुपये वसूल भी लिए। शेष 3 लाख रुपये न मिलने पर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आते ही गुरुवार रात से ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। शुक्रवार को बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए। चक्काजाम और थाने का घेराव किया गया। देर रात सर्व हिंदू समाज, पोरवाल समाज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों की बैठक पोरवाल मांगलिक भवन में हुई, जिसमें अनिश्चितकालीन बंद का निर्णय लिया गया।

मुस्लिम समाज ने भी कठोर कार्रवाई की मांग की-
शामगढ़ से मुस्लिम समाज का एक प्रतिनिधिमंडल एसपी विनोद कुमार मीना से मिला। सदर पार्षद सहित अन्य सदस्यों ने मांग की कि आरोपियों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए और नगर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास तेज किए जाएं।
