नीमच। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद नीमच नगर इकाई द्वारा सामाजिक समरसता दिवस के उपलक्ष्य में एक विचारपूर्ण एवं प्रेरणादायी संगोष्ठी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज में समानता, बंधुत्व और जागरूकता के महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पीजी कॉलेज प्राचार्य प्रो. प्रशांत मिश्रा रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में सामाजिक समरसता के मूल भाव को समझाते हुए कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा दिए गए समानता एवं संवैधानिक अधिकार आज के समाज की सबसे बड़ी शक्ति हैं।
संगोष्ठी में अभाविप नगर अध्यक्ष नीलेश पाटीदार, नगर मंत्री नितेश गुर्जर तथा अन्य पदाधिकारी गरिमामयी उपस्थिति में मंचासीन रहे। वक्ताओं ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के संघर्ष, उनके विचारों, तथा राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर विस्तृत प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संचालन पीजी कॉलेज अध्यक्ष अमन पाण्डे द्वारा सुचारू रूप से किया गया। अभाविप के इस आयोजन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर सामाजिक सौहार्द एवं समरसता के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।