मोरवन। स्वच्छ भारत मिशन को गति देने और गांव-गांव में स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने के उद्देश्य से नीमच जिला प्रशासन द्वारा हर शनिवार स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को ग्राम मोरवन में व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया।
जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शैलेन्द्र सिंह आदिवासी की उपस्थिति में अभियान की शुरुआत हुई। इस दौरान शासकीय मिडिल स्कूल के पास तथा आसपास के सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई की गई। ग्रामीणों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य के महत्व के प्रति जागरूक भी किया गया।
सीईओ शैलेन्द्र सिंह आदिवासी ने बताया कि हर शनिवार को जिले के सभी ग्रामों में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता को प्राथमिकता देना और स्वच्छ भारत के लक्ष्य को पूर्ण करना है।
अभियान में सरपंच प्रतिनिधि लाला भील, पंचायत सचिव रामप्रसाद परमार, सहसचिव राजाराम रैगर, समाजसेवी राकेश जाट, पंचायत पंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी शामिल हुए। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी ने अभियान को जनांदोलन का रूप प्रदान किया।