नीमच। नगर की साफ-सफाई व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद नीमच की मुख्य नगरपालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया ने शनिवार 6 दिसंबर की सुबह मूलचंद मार्ग, प्राइवेट बस स्टैंड, फव्वारा चौक सहित शहर के कई क्षेत्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए कर्मचारियों का वेतन काटने तथा बिना अनुमति लंबे समय से अनुपस्थित कर्मचारियों पर कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए गए।
सीएमओ बामनिया ने मूलचंद मार्ग और प्राइवेट बस स्टैंड क्षेत्र में कुछ दुकानों के सामने से अतिक्रमण हटवाया तथा कुछ दुकानदारों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने होटल व्यवसायियों व अन्य दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने, डस्टबिन रखने और सड़क पर सामान न फैलाने के निर्देश दिए ताकि यातायात सुचारु रूप से संचालित हो सके।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने यह भी पाया कि पूर्व में हटाए गए कुछ अतिक्रमण दोबारा कर लिए गए थे। इस पर उन्होंने मौके पर ही दुकानदारों से अतिक्रमण हटवाया और स्पष्ट चेतावनी दी कि पुनः ऐसा पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा सामान जप्त कर लिया जाएगा। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी दिनेश टांक, स्वच्छता निरीक्षक गोपाल नरवाले और अविनाश घेघट भी साथ रहे।