गरोठ/शामगढ़। कक्षा 12 में अध्ययनरत नाबालिग छात्रा से ब्लैकमेलिंग और अश्लील वीडियो वायरल करने के मामले को लेकर बुलाए गए बंद का तीसरे दिन भी गरोठ एवं शामगढ़ में व्यापक प्रभाव देखने को मिला। पूरे शहर में बाजार, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और शॉपिंग मॉल आज भी पूर्णत: बंद रहे।

पुलिस प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया है। शहर के चप्पे–चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है, वहीं संवेदनशील क्षेत्रों में रातभर गश्त की गई। वरिष्ठ अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर निगरानी बनाए हुए हैं।

उधर, सर्वसमाज का धरना–प्रदर्शन लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने एसडीओपी दिनेश प्रजापति के खिलाफ नारेबाज़ी की और उनका पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों के घर तोड़े जाएं और शहर में पैदल जुलूस निकालने की अनुमति दी जाए।

गौरतलब है कि पुलिस ने मुख्य आरोपी रेहान और उसके साथी बाबू को हिरासत में ले लिया है। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं। स्थिति पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और कानून–व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह प्रशासन की निगरानी में है।
