मंदसौर। जिले के भावगढ़-दलौदा रोड पर रविवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब एक अनियंत्रित डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, दलौदा थाना क्षेत्र के पाडलियालाल मुंहा निवासी गोपालसिंह राजपूत (45) अपनी पत्नी प्रेमकुंवर (42) के साथ बाइक (एमपी 14 एमई 3071) से भावगढ़ थाना क्षेत्र के धंधोड़ा गांव स्थित खेत से घर लौट रहे थे। इसी दौरान मजेसरा पुलिया के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित डंपर (एमपी 14 एचसी 0437) ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि गोपालसिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी प्रेमकुंवर ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। दंपती की दो बेटियां हैं, जिनकी शादी अगले माह जनवरी में होने वाली थी। हादसे की सूचना मिलते ही पूरे परिवार और गांव में शोक छा गया।
दुर्घटना के बाद डंपर बाइक को टक्कर मारते हुए पुलिया की रेलिंग से भिड़ा और वहीं पलट गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
भावगढ़ थाना एसआई सुरेंद्र सिंह ने बताया कि डंपर चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमॉर्टम जिला चिकित्सालय में किया जा रहा है।