शामगढ़। नाबालिग छात्रा के अश्लील वीडियो वायरल करने के प्रकरण को लेकर हिंदू संगठनों के आह्वान पर शामगढ़ में तीसरे दिन भी बाजार पूर्णतः बंद रहा। बढ़ते जनाक्रोश को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है और शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात है।
शनिवार को प्रशासन द्वारा आरोपी रेहान और बाबू के घर के कुछ हिस्सों को ध्वस्त किए जाने के बाद भी लोगों का आक्रोश शांत नहीं हुआ। रविवार को हिंदू संगठनों की मांग पर आरोपियों का जुलूस निकाला गया, जिसके बाद संगठन प्रतिनिधियों ने बाजार खोलने की अपील की।
स्थानीय संगठनों का कहना है कि मामले में और भी आरोपियों की संलिप्तता हो सकती है, जिनकी गिरफ्तारी और सार्वजनिक रूप से जुलूस निकालने की मांग लगातार की जा रही थी। दूसरी ओर पुलिस मामले में जांच जारी रखते हुए अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।
तीसरे दिन तक जारी बंद से व्यापारिक गतिविधियां पूरी तरह ठप रहीं, वहीं आमजन में न्याय की मांग को लेकर रोष दिखाई दिया। प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील की है और आश्वासन दिया है कि मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।