मुरैना। मुख्यालय पर पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस के पीछे प्रताप कॉलोनी में रास्ता बंद कर बनाए गए 4 मकानों पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाया है। हाई कोर्ट के निर्देश के बाद रविवार को पुलिस, प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान टीम को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। कार्रवाई रोकने के लिए टीम को गोली मारने की धमकी देने वाले एक युवक को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया है। फरियादी बहादुर सिंह परिहार के घर तक पहुंचने का रास्ता अतिक्रमणकारियों ने पूरी तरह बंद कर दिया था। इस मामले में हाईकोर्ट के निर्देश पर आज प्रशासनिक अमला हरकत में आया। टीम ने दीपक शर्मा, जगदीश शर्मा, राजेंद्र कुशवाह और सोबरन कुशवाह के अवैध निर्माण को तोड़ा। तोड़े गए मकानों में एक श्स्प्रिंगलेश स्कूलश् भी शामिल है। यह पूरी कार्रवाई एडीएम भूपेंद्र कुशवाह और सीएसपी दीपाली चन्दौरिया के नेतृत्व में की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हाई कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए अतिक्रमण को पूरी तरह हटाया जाएगा। फिलहाल मौके पर कार्रवाई जारी है।