नीमच। महारानी लक्ष्मीबाई शासकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, नीमच में आयोजित दो दिवसीय वार्षिकोत्सव का समापन रविवार को हर्ष, उत्साह और गौरव के वातावरण में हुआ। पूरे विद्यालय परिसर में बालिकाओं की प्रतिभा, सांस्कृतिक रंगों और खेल भावना की छटा देखने को मिली।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने कबड्डी, खो-खो, चम्मचदृमार्बल रेस, तीन-टांग दौड़ सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में दमदार प्रदर्शन किया। साथ ही नृत्य, नाटक और फैंसी ड्रेस जैसी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक दिलीपसिंह परिहार उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति चौपड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, योगेश जैन, दारासिंह तथा दुर्गाशंकर भील शामिल रहे। अतिथियों ने छात्राओं को मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास को जीवन का आधार बनाने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में 1 करोड़ 23 लाख की अनुमानित लागत से बनने वाले नए कक्षों के निर्माण कार्य का विधिवत भूमि-पूजन भी किया गया, जिसे विद्यालय के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
समारोह का संचालन मधुलिका शर्मा ने किया, जबकि वर्षभर की गतिविधियों तथा उपलब्धियों का विस्तृत प्रतिवेदन प्राचार्य बालकिशन बनौधा ने प्रस्तुत किया। अंत में वरिष्ठ शिक्षिका हेमलता वर्मा ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।