उज्जैन। शनिवार को मेला अधिकारी आशीष सिंह और कलेक्टर रौशन कुमार सिंह के द्वारा आगामी सिंहस्थ महापर्व 2028 के अंतर्गत विभिन्न विभागों के द्वारा निर्माणरत कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक की गई। बैठक में पीएसओ गोपाल डाड, नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा, सीईओ जिला पंचायत श्रेयांस कूमट, सीईओ यूडीए संदीप सोनी, सीईओ स्मार्ट सिटी संदीप शिवा एवं संबंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद थे।
बैठक में स्मार्ट सिटी के कार्यों की समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि वीर भारत संग्रहालय के निर्माण के अंतर्गत कोठी महल के बाहर भी रेनोवेशन का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। नृसिंह घाट के रिनोवेशन का कार्य भी प्रारंभ कर दिया गया है, वहां से पुराने पत्थर हटाए जा चुके हैं। यूनिटी मॉल की भौतिक प्रगति 58 प्रतिशत हो चुकी है।
बैठक में नगर निगम के निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि रीगल टॉकीज के जीर्णाेद्धार का कार्य प्रारंभ हो चुका है। लिगसी वेस्ट का कार्य अभी प्रगतिरत है। बैठक में खजूर वाली मस्जिद से गाड़ी अड्डा तक चौड़ीकरण का कार्य, नानाखेड़ा से शांति पैलेस होटल मार्ग निर्माण और नदी और सप्तसागर की सफाई करवाई जाने पर भी विचार विमर्श किया गया। शिप्रा नदी के किनारे प्लांटेशन के कार्य की भी समीक्षा की गई।