मोरवन। मध्य प्रदेश राज्य शिक्षक संघ ब्लॉक शाखा जावद ने अपनी लंबित मांगों को लेकर रविवार दोपहर ब्लॉक मुख्यालय पहुंचकर जावद तहसीलदार नवीन गर्ग को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान संगठन से जुड़े अनेक शिक्षक मौजूद रहे।
ब्लॉक अध्यक्ष परशराम रावत ने बताया कि अध्यापक संवर्ग की नियुक्ति 1 जुलाई 2018 से की गई थी, लेकिन वरिष्ठता तिथि को लेकर आज तक स्पष्टता नहीं हो पाई है। वरिष्ठता नियुक्ति दिनांक से लागू न होने के कारण शिक्षकों को कई लाभों से वंचित होना पड़ रहा है। संघ ने मांग की है कि अध्यापक संवर्ग को नियुक्ति तिथि से वरिष्ठता का लाभ प्रदान किया जाए।
उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश के सरकारी विद्यालयों के शिक्षक नियमित रूप से विद्यालय पहुँचकर निष्ठा से कार्य कर रहे हैं। इसका परिणाम है कि शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थी प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त कर रहे हैं। रावत ने कहा कि ऐसी स्थिति में शिक्षकों पर थोपे गए अव्यवहारिक ई-अटेंडेंस सिस्टम को बंद किया जाना चाहिए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रमुख रूप से राज्य शिक्षक संघ के अध्यक्ष परशराम रावत, रमेशचंद्र बैरागी, यशवंत माली, पूर्व प्राचार्य जावद राजेंद्रसिंह शक्तावत, अरुण सोलंकी, प्रहलाद राठौर, अरुण बॉडीवाल, गोरेलाल धाकड़, राधेश्याम अहीर सहित अनेक अध्यापक साथी उपस्थित रहे।