खरगोन। बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर शहर में श्रद्धांजलि स्वरूप एक भव्य कैंडल मार्च निकाला गया। मार्च में छात्र-छात्राओं, युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। प्रतिभागी हाथों में जलती मोमबत्तियाँ लिए टंट्या मामा प्रतिमा स्थल से रवाना हुए और अंबेडकर पार्क होते हुए सब्जी मंडी स्थित बाबा साहब की प्रतिमा स्थल पर पहुँचे, जहाँ कार्यक्रम का समापन हुआ।
मार्च के दौरान गूँजे गगनचुंबी नारे शहर का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करते रहे। पूरा वातावरण बाबा साहब के प्रति सम्मान, समानता और सामाजिक जागरूकता के संदेशों से सराबोर दिखाई दिया।
इस अवसर पर अजा-अजजा संयुक्त मोर्चा के जिला अध्यक्ष रामेश्वर बडोले, नितेश आड़तिया, जगदीश भालसे, जीतू वर्मा, अजय भालसे सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता और युवाजन मौजूद रहे।
कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों ने बाबा साहब के आदर्शों पर चलते हुए समानता, शिक्षा और सामाजिक न्याय के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।