बांगर। श्री दत्त जयंती पर श्री दत्त पादुका मंदिर परिसर में आयोजित वार्षिक महाप्रसादी भंडारे में इस साल भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। देवास, इंदौर, उज्जैन सहित अन्य जिलों और राज्यों से भक्त “दिगंबरा दिगंबरा श्रीपाद वल्लभ दिगंबरा” के जयघोष के साथ पहुंचे।
सुबह 11 बजे आरती के बाद शुरू हुआ भंडारा देर शाम तक चलता रहा, जिसमें 40 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। व्यवस्थाओं के लिए 500 से अधिक दत्त सेवा मंडल के सेवकों ने दो दिन से तैयारी संभाली। महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग कतारें बनाकर सुव्यवस्थित तरीके से प्रसादी वितरण किया गया।
आयोजन हेतु 4 बीघा में टेंट और 6 बीघा में पार्किंग की व्यवस्था की गई थी। बुजुर्गों तथा सभी श्रद्धालुओं को बिना परेशानी महाप्रसाद मिले, इसका विशेष ध्यान रखा गया।
श्रद्धालुओं ने स्वच्छता और स्वस्थ जीवन का संकल्प लेते हुए महाप्रसादी का लाभ लिया। आयोजन ग्रामवासियों और सेवा मंडल के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।