देवास। होमगार्ड स्थापना दिवस समारोह कलेक्टर ऋतुराज सिंह के मुख्य आतिथ्य में गरिमा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भव्य परेड से हुई, जिसकी सलामी कलेक्टर सिंह ने ली और जवानों की अनुशासन व तत्परता की सराहना की।
एसडीईआरएफ टीम द्वारा अग्नि दुर्घटना से बचाव का मॉकड्रिल प्रस्तुत किया गया, जिसने आपदा के समय उनकी त्वरित कार्रवाई को दर्शाया। आपदा उपकरणों की प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और सड़क सुरक्षा पर नुक्कड़ नाटक ने लोगों में जागरूकता और सुरक्षा का संदेश दिया। मेधावी छात्र-छात्राओं और खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। वर्षभर उत्कृष्ट कार्य करने वाले होमगार्ड, एसडीईआरएफ और सिविल डिफेंस वालेंटियर्स को पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर संजीव जैन, शोभाराम सोलंकी, तहसीलदार सपना शर्मा और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। समारोह ने उन सभी जवानों के साहस और सेवा की भावना को सलाम किया, जो हर संकट की घड़ी में समाज के लिए अग्रिम पंक्ति में खड़े रहते हैं।