नीमच। शहर के हिंगोरिया रेलवे फाटक के पास सोमवार दोपहर निर्माणाधीन रेलवे ट्रैक पर खड़े एक इंजन से दूसरा इंजन टकरा गया, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना दोपहर करीब 1 बजे हुई। हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे विभाग के अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंची।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास मौजूद कर्मचारी और राहगीर घबराकर दौड़ पड़े। दुर्घटना में चार से पांच लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। मौके पर मौजूद कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। गनीमत रही कि किसी तरह की बड़ी जनहानि नहीं हुई।

मौके पर पहुंचे रेलवे अधिकारी और आरपीएफ के जवान दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटे हुए हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि टक्कर कैसे हुई। विभाग ने कहा है कि जांच के बाद ही वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा।
