नीमच। व्यस्त दोपहर की शांति उस समय भंग हो गई जब हिंगोरिया फाटक के पास ट्रैक मरम्मत का नियमित काम अचानक एक भीषण दुर्घटना में बदल गया। ट्रैक पर चल रहे मेंटेनेंस के दौरान पावर वेगन और ट्रैक मशीन इंजन आपस में टकरा गए, जिससे दोनों मशीनें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दुर्घटना में कई कर्मचारी घायल हुए हैं। इनमें से दो गंभीर घायलों को रैफर किया गया है।
ट्रैक रिपेयरिंग और निरीक्षण में लगी थी टीम-
सूत्रों के अनुसार रेलवे विभाग की टीम सोमवार दोपहर ट्रैक रिपेयरिंग और निरीक्षण में लगी थी। कर्मचारी इंजन में सवार होकर कार्य कर रहे थे। तभी आशंका जताई जा रही है कि एक मशीन का ब्रेक अचानक फेल हो गया, जिसके चलते वह तेज़ रफ्तार से आगे बढ़ी और सामने खड़ी दूसरी मशीन से जा भिड़ी।
अगला हिस्सा चकनाचूर, दो कर्मचारी घायल-
टक्कर इतनी जोरदार थी कि मशीनों का अगला हिस्सा चकनाचूर हो गया और कई कर्मचारी चोटिल हो गए। हादसे में 3 से 4 रेलवे कर्मचारी घायल हुए, जिनमें दो की हालत गंभीर है। गंभीर घायलों की पहचान विष्णु पिता नारायण राठौर (32), निवासी रेलवे कॉलोनी, नीमच व रामनरेश पिता सुखलाल मीणा (22) निवासी मंदसौर के रूप में हुई है। दोनों को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया है। अन्य कर्मचारियों को भी चोटें आईं, लेकिन खतरे से बाहर बताए गए हैं।
ट्रैक को सुरक्षित करने का काम तुरंत शुरू-
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस बल (आरपीएफ) तथा विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंच गए। क्षतिग्रस्त मशीनों को हटाने और ट्रैक को सुरक्षित करने का काम तुरंत शुरू किया गया। प्रारंभिक जांच में ब्रेक फेल होने को मुख्य कारण माना जा रहा है, हालांकि रेलवे विभाग ने स्पष्ट किया है कि सटीक वजह जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।
हादसों के कारणों की विस्तृत जांच जारी-
रेलवे पीआरओ खेमराज मीणा ने बताया कि घटना के समय संबंधित रूट पर मेंटेनेंस कार्य चल रहा था और ट्रेनों का संचालन बंद था। पावर वेगन और ट्रैक मशीन एक ही ट्रैक पर कार्यरत थे, जिनके बीच यह टक्कर हुई। उन्होंने कहा कि हादसे के कारणों की विस्तृत जांच जारी है।