नीमच। राजस्व विभाग के कामकाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे लोकल यूथ राजस्व सर्वेयर ने अपनी प्रमुख समस्याओं और मांगों को लेकर स्थानीय विधायक और कलेक्टर के नाम एक ज्ञापन सौंपा है। लोकल यूथ महासंघ, मध्य प्रदेश के प्रतिनिधियों ने बताया कि जुलाई 2024 में एमपी भू-अभिलेख पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन नियुक्त किए गए सर्वेयरों ने फसल गिरदावरी, डिजिटल क्रॉप सर्वे, किसान आईडी,आरओआर और ई-केवाईसी जैसे महत्वपूर्ण सरकारी कार्य समय पर और पूरी ईमानदारी से पूर्ण किए हैं।
सर्वेयरों ने बताया कि फसल गिरदावरी और सर्वे कार्य के दौरान उन्हें लगातार जहरीले सांपों, जंगली जानवरों, बिजली के करंट, खतरनाक नालों, और जंगलों जैसी जोखिमपूर्ण परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। इसके बावजूद उन्हें न तो आईडी कार्ड दिया गया है और न ही औपचारिक नियुक्ति पत्र, जिसके कारण कई बार किसानों द्वारा पहचान न होने पर अपमानजनक व्यवहार का भी सामना करना पड़ता है। लोकल युथ महासंघ ने मुख्य रूप से मांग की है कि उनका नियमित रोजगार और मानदेय तय हो।
महासंघ ने ज्ञापन सौंपते हुए तीन प्रमुख माँगों को तत्काल प्रभाव से लागू करने की अपील की है। जिसमें लोकल यूथ सर्वेयरों को नियमित रोजगार देकर सम्मानजनक मासिक मानदेय निर्धारित किया जाए।सभी सर्वेयरों को विभागीय नियुक्ति पत्र और पहचान पत्र जारी किए जाएँ।विधानसभा में नियम पारित कर लोकल यूथ सर्वेयरों की सेवा-शर्तें और कार्यप्रणाली औपचारिक रूप से निर्धारित की जाए।