खरगोन। जिले के कसरावद मंडी में सीसीई की सलाट बुकिंग प्रक्रिया में अनियमितताओं को लेकर किसानों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। किसान शक्ति सिंह मंडलोई ने बताया कि बुकिंग में भारी गड़बड़ी की जा रही है। किसानों का आरोप है कि मंडी प्रशासन द्वारा सलाट खोलकर कुछ ही देर बाद बंद कर दिया जाता है, जबकि वास्तविक किसानों को बुकिंग का मौका नहीं मिलता। ग्रामीणों ने पड़ताल के बाद पाया कि कई बुकिंग रात में और सीधे जिनिंग मिलों से हो रही है, जबकि आम किसानों की एंट्री बंद रहती है।
किसानों ने कहा कि यह प्रशासन, व्यापारियों और सीसीआई प्रबंधन का साझा सिंडिकेट प्रतीत होता है, जिससे किसानों को लगातार नुकसान उठाना पड़ रहा है। मंडलोई ने चेतावनी दी कि यदि मंगलवार से व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो किसान आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को स्थानीय स्तर पर बाधित कर बदनाम किया जा रहा है, जिसका जिम्मेदार संबंधित प्रशासन होगा। किसानों ने एकजुट होकर पारदर्शी और न्यायसंगत बुकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग की।