नीमच। जिले में चल रहे ‘हमारी आंगनवाड़ी, पोषण भी पढ़ाई भी’ अभियान के तहत मंगलवार दोपहर कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने झांझरवाड़ा आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों को दी जा रही पूर्व-प्राथमिक शिक्षा की गुणवत्ता की समीक्षा की और उनके सीखने की गतिविधियों को करीब से देखा।
बच्चों से अक्षर और अंक ज्ञान की जानकारी ली
कलेक्टर बच्चों के बीच बैठे और उनकी वर्कबुक में अक्षर ज्ञान, अंक ज्ञान, चित्र पहचान और फलों के बारे में सीखी गई जानकारी का आकलन किया। उन्होंने बच्चों से एबीसीडी और गिनती दोहरवाई। कलेक्टर ने केंद्र में दिए जा रहे अर्ली चाइल्ड केयर एजुकेशन की सराहना की।
नन्ही शिवानी ने सुनाई कविता
निरीक्षण के दौरान एक छोटी बालिका शिवानी ने कलेक्टर को बीस तक की गिनती सुनाई, फलों के नाम बताए और एक कविता भी सुनाई। शिवानी की सहजता और आत्मविश्वास देखकर कलेक्टर प्रभावित हुए।
सुविधाओं में सुधार के निर्देश
निरीक्षण के बाद कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने आंगनवाड़ी की सुविधाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों के लिए दो छोटी टेबल और कुर्सियां उपलब्ध कराने की बात कही। ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग को भवन की मरम्मत, रंगाई-पुताई, खिड़कियों में मच्छर जाली लगाने और पंखे स्थापित करने के निर्देश दिए गए।
यह रहे उपस्थित
साथ ही जल जीवन मिशन के तहत स्कूल और आंगनवाड़ी तक पेयजल पाइपलाइन डालकर नल कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम संजीव साहू, जिला कार्यक्रम अधिकारी अंकिता पंड्या, परियोजना अधिकारी इरफान अंसारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।