सिंगरौली। जिले में फर्जी हस्ताक्षर के गंभीर मामले में मोरवा थाना पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर एनसीएल राष्ट्रीय कोलियरी श्रमिक संघ के वर्तमान आरसीएसएस क्षेत्रीय पदाधिकारियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज किया है। एफआईआर में लाल पुष्पराज सिंह, मनोहर सिंह, इंद्रेश कुमार सिंह और आर.एन. ओझा को नामजद किया गया है पुलिस ने अदालत के निर्देशानुसार आरोपियों के खिलाफ धारा 420 और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध किया है। आरोपितों पर किसी महत्वपूर्ण दस्तावेज़ में फर्जी हस्ताक्षर कर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया गया है। मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है और लोगों में इसकी गंभीरता को लेकर चिंता भी देखी जा रही है।सूत्रों के अनुसार दस्तावेज़ में किए गए फर्जी हस्ताक्षर से किसी प्रकार का लाभ उठाने या धोखाधड़ी करने की संभावना है। एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने सभी संबंधित दस्तावेज़ और साक्ष्य जुटाकर आगे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की भूमिका और फर्जी हस्ताक्षर की पूरी जांच की जाएगी यह मामला एनसीएल के अंदरूनी प्रशासन और दस्तावेज़ी प्रक्रियाओं में अनियमितताओं को भी उजागर करता है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।