नीमच। सीआरपीएफ ग्रुप केंद्र नीमच के तत्वावधान में मध्यप्रदेश सेक्टर के प्रशासनिक नियंत्रण में आने वाली बटालियनों एवं ग्रुप केंद्रों की टीमों के मध्य ट्रैक एंड फील्ड प्रतियोगिता-2025 का आयोजन किया गया। यह दो दिवसीय प्रतियोगिता 8 से 9 दिसंबर तक ग्रुप केंद्र सीआरपीएफ नीमच परिसर में संपन्न हुई।
प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश सेक्टर के अंतर्गत आने वाली विभिन्न बटालियनों और ग्रुप केंद्रों की टीमों ने भाग लिया। दो दिनों तक चले इस आयोजन में खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन और खेल कौशल से दर्शकों का दिल जीत लिया। प्रतियोगिता के परिणामों में 148 बटालियन ने 31 अंक अर्जित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि ग्रुप केंद्र नीमच ने 17 अंकों के साथ द्वितीय स्थान हासिल किया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि प्रमोद कुमार साहू, ग्रुप कमांडेंट नीमच रहे। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों को शील्ड और पदक प्रदान कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल भावना और अनुशासन ही सफलता की कुंजी हैं।
इस अवसर पर देवेंद्र सिंह (उप कमांडेंट प्रशासन) सहित ग्रुप केंद्र नीमच के सभी अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी, खिलाड़ी एवं जवान मौजूद रहे। समारोह के अंत में सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।