देवास। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी आज एक निजी कार्यक्रम में देवास पहुंचे, जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और मीडिया से चर्चा में प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।
पटवारी ने कहा कि सरकार ने 17000 करोड़ का आबकारी लक्ष्य रखकर पूरे प्रदेश को नशे में धकेलने का प्रयास किया है। उन्होंने बताया कि हाल ही में प्रतिभा बागरी के भाई और बहनोई गांजा बेचते पकड़े गए, जो प्रदेश में फैल रहे नशे के नेटवर्क का बड़ा उदाहरण है।
उन्होंने यह भी कहा कि मुरली देवड़ा और विश्वास सारंग जैसे नेताओं के ड्रग्स सप्लायरों के साथ फोटो सामने आना बेहद गंभीर संकेत हैं। इससे साबित होता है कि “सरकार शराब और ड्रग्स माफिया के कब्जे में है। मध्यप्रदेश को नशामुक्त करने की बजाय नशायुक्त बनाया जा रहा है। जनता जागे और बदलाव करे।”
रोहिणी कलम के आत्महत्या मामले पर पटवारी ने कहा कि सरकार दोषियों पर कार्रवाई से बच रही थी। परिवार के आग्रह पर उन्होंने अधिकारियों से बात की, तब जाकर आरोपी गिरफ्तार हुए।
वंदे मातरम विवाद पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश की एकता और अखंडता की प्रतीक है, जबकि प्रधानमंत्री बेरोजगारी और वास्तविक मुद्दों पर जवाब देने से बचते हैं।
पटवारी ने आरोप लगाया कि भाजपा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित कर रही है, लेकिन 2028 में जनता भाजपा को करारा जवाब देगी।