छतरपुर। जिले के खजुराहो के गौतम रिसॉर्ट में खाना खाने के बाद कर्मचारियों की हालत अचानक बिगड़ गई। गंभीर अवस्था में सभी को छतरपुर जिला अस्पताल लाया गया, जहां से लोगों को ग्वालियर रेफर किया गया। रास्ते में दो कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि एक ने ग्वालियर के जेएएच अस्पताल में दम तोड़ा। अन्य कर्मचारी अब भी इलाजरत हैं, जिनमें दयाराम, हार्दिक, रवि, रोशनी और गोलू शामिल हैं। इनमें रवि, रोशनी और गोलू वेंटिलेटर पर हैं और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। डॉक्टरों ने इसे फूड पॉइजनिंग का मामला बताया है।
जिला अस्पताल प्रशासन ने फिलहाल 3 मौतों की पुष्टि की है। कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने मृतकों के परिजनों को 20-20 हजार रुपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है और रिसॉर्ट को सील कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि रिसॉर्ट मालिक विनोद कुमार गौतम बेल्जियम में रहते हैं।
सरकार पर सवाल, कांग्रेस का हमला
एमपी कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने खजुराहो में कैबिनेट बैठक के बीच हुई मौतों पर सरकार को घेरा। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि कैबिनेट जिस जिले में बैठी है, उसी जिले में मौतें हो रही हैं और मंत्री मौन बने हुए हैं।
सीएम रूट पर चक्का जाम, माहौल तनावपूर्ण
खजुराहो-बमीठा रोड के फौजदार चौक पर मृतकों के परिवारजन और ओबीसी महासभा ने चक्का जाम कर दिया। यह वही मार्ग है, जहां से मंत्री और आला अधिकारी गुजरने वाले हैं। परिजनों ने होटल संचालक पर एफआईआर दर्ज करने और मृतक परिवारों को 1 करोड़ रुपए मुआवज़ा देने की मांग उठाई है।
गुस्साई महिलाओं ने मौके पर लगे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पोस्टर फाड़ दिए। बैनरों पर कालिख पोतकर प्रदर्शनकारियों ने अपनी नाराजगी जाहिर की। पुलिस बल तैनात है और प्रशासन की कोशिशें हालात नियंत्रण में लाने की जारी हैं।