मंदसौर। वायडी नगर पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के मामले में 14 साल से फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी बालचन्द्र पिता रामनारायण पोरवाल (60) निवासी महाकाल बस्ती, भवानीमंडी (राजस्थान) है। वह वर्ष 2011 में वायडी नगर थाने में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण (अपराध क्रमांक 597/11) के बाद से फरार था।
पुलिस टीम ने भवानीमंडी में दबिश देकर उसे 9 दिसंबर 2025 को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई एएसपी तेरसिंह बघेल, सीएसपी जितेंद्र सिंह भास्कर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शिवांशु मालवीय और चौकी प्रभारी कपिल सौराष्ट्र की टीम ने की।
आरोपी के खिलाफ राजस्थान में भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें मारपीट, अवैध घुसपैठ और मादक पदार्थ तस्करी के मामले शामिल हैं।
एसपी विनोद कुमार मीना ने कहा कि मादक पदार्थ तस्करी के मामलों में फरार आरोपियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। तस्कर किसी भी कीमत पर बख्शे नहीं जाएंगे।