भौरासा। नगर में आज वार्ड क्रमांक 6 के बाबा भंवरनाथ मार्ग पर अतिक्रमण हटाने की मुहिम चलाई गई। छोटे हनुमान चौक (मंत्री जी की दुकान) से लेकर भारत कुंभकार के घर तक सड़क पर बनाए गए पक्के निर्माण व नालियों के ऊपर किए गए अतिक्रमण को नागरिकों ने अपनी स्वेच्छा से हटाया।
बताया गया कि इस मार्ग पर लंबे समय से आवागमन में बाधा आ रही थी। दो पहिया व चार पहिया वाहनों के निकलने में रोजाना विवाद की स्थिति बन जाती थी। इसी को लेकर पार्षद प्रतिनिधि धर्मेंद्र ठाकुर और पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि राजेंद्र यादव के प्रयासों से आज लोगों ने स्वयं आगे बढ़कर दो-दो फीट दोनों ओर से अतिक्रमण हटाया।
धर्मेंद्र ठाकुर ने बताया कि-
“यहां रोज परेशानी होती थी, कई बार झगड़े भी होते थे। आज लोगों ने स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाया है। अब दोनों साइड नालियां और सड़क का निर्माण कराया जाएगा ताकि लोगों को स्थायी राहत मिले।”
अतिक्रमण मुक्त होने के बाद अब इस मार्ग पर मजबूती से नाली एवं सड़क निर्माण का कार्य किया जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।
आज की कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार नेहा शाह, थाना स्टाफ, नगर परिषद के कर्मचारी व बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।