छतरपुर। जिला बड़ा मलहरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत धनगुवां अंतर्गत ग्राम पिपरिया में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई 55 वर्षीय ग्रामीण हल्का यादव पिता हरप्रसाद यादव की घने जंगल में भालू के हमले में दर्दनाक मौत हो गई।
बताया गया कि हल्का यादव रोज की तरह सुबह लगभग 4 किलोमीटर दूर जंगल में अपनी भैंस चराने गए थे। उसी दौरान घात लगाकर बैठे एक भालू ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले की तीव्रता इतनी भयावह थी कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
भैंस अकेली लौटी तो बढ़ी चिंता
शाम होने पर जब भैंस अकेली घर लौट आई तो परिजनों को आशंका हुई। पहले उन्होंने गांव और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन की, लेकिन जब कोई जानकारी नहीं मिली तब परिवार और ग्रामीण रात में टॉर्च लेकर जंगल की ओर निकले।
खोज के दौरान उन्हें झाड़ियों में एक क्षत-विक्षत शव दिखाई दिया। पास जाकर देखा तो वह हल्का यादव का शव था। यह दृश्य देखकर परिजन और ग्रामीण दहशत में आ गए। जिसकी सूचना तत्काल थाना बड़ा मलहरा को दी गई।