शिवपुरी। शहर के कलेक्ट्रेट परिसर में आज भूकम्प आपदा से निपटने के लिए एक मॉक ड्रिल का आयोजन बनारस से आई एनडीआरएफ की टीम ने किया, जिसमें असिस्टेंट कमांडेंट एस.ए. सिकंदर, उपनिरीक्षक राम सिंह और अजय सिंह सहित अन्य जवान शामिल रहे।
इस आयोजित मॉक ड्रिल में टीम ने भूकम्प जैसी आपदा से निपटने की स्थिति में लोगों को बचाने और फंसे हुए व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकालने की विभिन्न तकनीकों का प्रदर्शन किया। जवानों ने दिखाया कि इमारत ढहने की स्थिति में ऊपर या अंदर फंसे लोगों को कैसे सुरक्षित निकाला जाता है। इसके लिए कटिंग उपकरणों और अन्य विशेष बचाव साधनों का उपयोग समझाया गया।
राम सिंह के अनुसार, यदि कोई भवन क्षतिग्रस्त होकर गिर जाए और उसमें लोग फंस जाएं, तो उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने की पूरी प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। इस मॉक ड्रिल के माध्यम से जिला प्रशासन और आम जनता को भूकम्प जैसी आपदाओं से निपटने के लिए तैयार रहने का महत्वपूर्ण संदेश दिया गया।