देवास। उज्जैन रेंज डीआईजी नवनीत भसीन बुधवार को देवास पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के साथ कोतवाली थाने का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मीडिया से चर्चा में डीआईजी भसीन ने बताया कि पुलिस विभाग पिछले कुछ समय से सड़क हादसों में होने वाली मौतों को कम करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि-“देवास में हत्या के मामले 28 हैं, लेकिन एक्सीडेंटल डेथ इनसे 10 गुना ज्यादा है। यह बेहद गंभीर स्थिति है।
उन्होंने आमजन से विशेष अपील करते हुए कहा कि सभी लोग हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, ओवर स्पीड में वाहन न चलाएं। डीआईजी भसीन ने कहा-“आपकी एक छोटी सी लापरवाही घर पर इंतजार कर रहे परिवार के लिए बड़ी दुर्घटना बन सकती है।
उन्होंने बताया कि एक विशेष दल बनाया गया है जो मोहल्लों, चौराहों और चौपालों पर जाकर लोगों को सड़क सुरक्षा अभियान की जानकारी दे रहा है, ताकि अधिक से अधिक नागरिक जागरूक हों और सड़क हादसों में होने वाली मौतों में कमी लाई जा सके। उन्होंने कहा की जागरूकता और जनसहभागिता से ही कम होंगी दुर्घटनाएं।