मुरैना। नूराबाद थाना क्षेत्र के बर्रेडा गांव में बुधवार की सुबह पिता-पुत्र को गोलियां मार दी गईं। इस हादसे में बेटे की मौत हो गई, पिता को ग्वालियर रेफर किया गया है। बर्रेड़ा गांव निवासी जसरथ पुत्र भोगीराम गुर्जर का जमीन के बंटवारे के कारण अपने ही सगे भाई रामरहीस गुर्जर, जंडेल गुर्जर, राजेंद्र गुर्जर और गुलाब गुर्जर से विवाद चल रहा है। बुधवार की सुबह 62 वर्षीय जसरथ सिंह गुर्जर अपने बेटे ओमप्रकाश उर्फ ओपी गुर्जर के साथ टेकरी गांव के सैलून पर बाल कटवाने आए थे। बाल कटवाने के बाद सुबह साढ़े 10 बजे के करीब जयरथ व ओपी बाइक से वापिस बर्रेड़ा गांव लौट रहे थे। इसी दौरान उनके पीछे मोनू उर्फ बाला, जयवीर, रामरहीस, गुलाब उर्फ अतर सिंह, राजेंद्र सिंह, करुआ उर्फ जंडेल, दिनेश सिंह व तीन-चार अज्ञातों ने बाइकें लगा दीं। संता की तिवरिया के मोड़ पर सुनसान रास्ता देखकर आरोपितों ने पिता-पुत्र को घेर लिया। पहले तो जमीन के बंटवारे को लेकर जमकर कहासुनी हुई जो हाथापाई में बदल गई। इसी बीच मोनू उर्फ बाला और रामरहीस ने बंदूकों से फायर कर दिए। एक गोली ओपी गुर्जर की पीठ में जा धंसी जिससे वह वहीं सड़क पर गिर गया। दूसरी गोली ओपी के पिता जसरथ सिंह के हाथ में लगी। दोनों को मृत समझकर आरोपित वहां से भाग गए। घायल जसरथ ने फोन पर अपने स्वजन को खबर दी। अस्पताल पहुंचने पर डाक्टर ने ओपी को मृत घोषित कर दिया, जसरथ सिंह को नाजुक हालत में ग्वालियर रेफर किया गया है। घायल जसरथ की शिकायत पर नूराबाद थाने में जसरथ सिंह के चार भाई रामरहीस गुर्जर, जंडेल सिंह गुर्जर, राजेंद्र सिंह गुर्जर, गुलाब गुर्जर पुत्रगण भोगीराम गुर्जर के अलावा मोनू गुर्जर, जयवीर सिंह गुर्जर पुत्रगण पप्पू गुर्जर, दिनेश पुत्र राजेंद्र सिंह गुर्जर एवं तीन अज्ञातों पर हत्या, फायरिंग आदि धाराओं में केस दर्ज किया है।