मंदसौर। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग बीएल विश्नोई द्वारा बताया गया कि मंदसौर जनपद पंचायत के सभागृह में विश्व मानव अधिकार दिवस के उपलक्ष्य में जनसाहस, उड़ान संस्था एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जनपद पंचायत के सभागृह में एक देशव्यापी जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मानव अधिकार, साइबर क्राइम, बच्चों एवं महिलाओं के साथ होने वाली हिंसा तथा पोक्सो एक्ट जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम के मुख्य सत्रों में महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त संचालक मनीष अटोडिया, समन्वयक ममता खींची एवं हरीश केसरिया जिला परियोजना सहायक द्वारा बाल विवाह के दुष्परिणाम और रोकथाम पर विस्तृत चर्चा की गई तथा प्रतिभागियों को बाल विवाह रोकथाम की शपथ दिलाई गई। जनसाहस संस्था से सिमरन मालवीय ने साइबर क्राइम से बचाव, सुरक्षित इंटरनेट उपयोग एवं शिकायत प्रक्रिया पर उपयोगी जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम में फील्ड वॉलंटियर द्वारा पपेट शो प्रस्तुत किया गया, जिसमें मानव अधिकार एवं सामाजिक मुद्दों पर प्रभावी संदेश दिए गए। उड़ान संस्था से प्रशांत गजभिए ने मानव अधिकारों की महत्ता और उनकी रक्षा से जुड़ी जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से डिफेंस लॉयर डोली मक्कड़, एडवोकेट जुगल किशोर मालवीय एवं कुलदीप घावरी ने कानूनी अधिकारों तथा उपलब्ध विधिक सहायता तंत्र के बारे में बताया।
बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष उमराव सिंह जैन ने बाल अधिकारों, संरक्षण व्यवस्था एवं समिति द्वारा किए जाने वाले कार्यों पर जानकारी दी। वन स्टॉप सेंटर से निर्मला चौहान ने महिलाओं के लिए उपलब्ध काउंसलिंग, कानूनी और चिकित्सीय सहायता सेवाओं की जानकारी साझा की। कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता संजय निमा ने बेटी बचाओदृबेटी पढ़ाओ अभियान में किए गए अपने कार्यों के अनुभव साझा किए। कार्यक्रम का सफल संचालन कुलदीप घावरी द्वारा किया गया। अंत में उड़ान संस्था की संगीता कुंभकार ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।