चित्तौड़गढ़। आयुर्वेद विभाग चित्तौड़गढ़ एवं राष्ट्रीय आयुष मिशन के संयुक्त तत्वावधान में 13 दिसंबर से 22 दिसंबर तक अटल सामुदायिक भवन, गांधी नगर में निःशुल्क आयुर्वेद अंतरंग क्षारसूत्र शल्य चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। दस दिवसीय शिविर का उद्घाटन 13 दिसंबर को प्रातः 11.30 बजे सांसद चंद्र प्रकाश जोशी मुख्य अतिथि के रूप में तथा विधायक चंद्रभान सिंह आक्या की अध्यक्षता में करेंगे।
शिविर में अर्श (पाइल्स), भगंदर (फिस्टुला) तथा फिशर के रोगियों का निःशुल्क ऑपरेशन किया जाएगा। शिविर में भर्ती होने वाले सभी रोगियों के भोजन, आवास एवं औषधियों की व्यवस्था भी पूरी तरह निःशुल्क रहेगी।
शल्य चिकित्सा के साथ-साथ शिविर के बहिरंग विभाग में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा त्वचा रोग, पांव की कील, सोरायसिस, साइटिका, एड़ी दर्द सहित विभिन्न बीमारियों का उपचार अग्निकर्म एवं जलौकावचरण विधि से किया जाएगा।
शिविर में क्षारसूत्र विशेषज्ञ डॉ. तरुण कुमार प्रमाणिक की टीम अर्श, भगंदर सहित अन्य गुदा रोगों के ऑपरेशन करेंगे। वहीं विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. विनोद गंधर्व, डॉ. शैलेंद्र सिंह मंडलोई, डॉ. सौरभ सिंह हाड़ा, डॉ. वीरेंद्र सिंह हाड़ा एवं डॉ. सरिता ए. कुमार द्वारा स्त्री रोग, मधुमेह, पेट संबंधी रोग, चर्म रोग, साइटिका व अन्य वातरोगों का उपचार किया जाएगा।