चित्तौड़गढ़। सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ में विद्यार्थियों की भाषा कौशल, तार्किक क्षमताओं और अभिव्यक्ति शैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अंतर सदनीय अंग्रेजी वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का संचालन विद्यालय के प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया एवं उप प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल पारुल श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में हुआ।
विद्यालय के शंकर मेनन सभागार में आयोजित इस प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया रहे। मुख्य अतिथि का स्वागत कार्यवाहक सीनियर मास्टर राकेश रामपुरिया ने किया।
स्कूल के जनसंपर्क अधिकारी बाबूलाल शिवरान के अनुसार, सभी सदनों के कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सीनियर वर्ग की प्रतियोगिता का विषय था "Technology is Making People Less Productive"। प्रत्येक सदन के दो-दो कैडेट्स ने पक्ष और विपक्ष की ओर से प्रभावी तर्क प्रस्तुत किए। पक्ष में बोलने वाले वक्ताओं ने अत्यधिक तकनीकी निर्भरता को मानव की उत्पादकता और रचनात्मकता में कमी का कारण बताया, जबकि विपक्ष के कैडेट्स ने तकनीक को समय प्रबंधन, कार्य दक्षता और नवाचार का उल्लेखनीय साधन बताया।
प्रतियोगिता में कैडेट्स ने आत्मविश्वास, वाकपटुता, तर्कशक्ति और प्रस्तुति कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। परिणामों के अनुसार प्रथम स्थान: सांगा हाउस के कैडेट हर्षवर्धन, द्वितीय स्थान: कुम्भा हाउस के कैडेट खुशवंत सिंह, तृतीय स्थान: कुश हाउस की कैडेट दिव्यांश बल्दावत। प्रतियोगिता का संचालन अंग्रेजी की वरिष्ठ अध्यापिका पूजा सिंह एवं दिव्या राव द्वारा किया गया, जबकि संगणक का कार्य गणित के अध्यापक धर्मेंद्र यादव ने संभाला।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि कर्नल जसरोटिया ने विजेता एवं प्रतिभागी कैडेट्स को सम्मानित किया और कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों की तार्किक सोच, अभिव्यक्ति क्षमता तथा प्रतिस्पर्धात्मक भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी कैडेट्स के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।