नीमच। कैंट थाना क्षेत्र के ग्वालटोली रोड स्थित स्कीम नंबर 36 के पास रविवार दोपहर एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। राहगीरों ने एक व्यक्ति को अचेत अवस्था में पड़े देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कैंट थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार करीब ढाई बजे युवक के जमीन पर गिरने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर युवक मृत अवस्था में मिला।

मृतक की पहचान अजय पिता सत्यनारायण बसोड़ (उम्र 37 वर्ष), जाति घांचा, निवासी गांव बड़वन, थाना अफजलपुर, जिला मंदसौर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार अजय कैंची आदि पर धार लगाने का काम करता था और इसी सिलसिले में नीमच आया हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि घटना से कुछ देर पहले अजय पास की एक दुकान से गुटखा आदि लेकर गया था। इसके बाद वह अचानक सड़क किनारे गिर पड़ा और बेहोश हो गया। राहगीरों ने जब उसे नहीं उठते देखा तो पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने मौके पर पहुंचे अजय के परिचितों से उसकी पहचान कराई। इसके बाद शव को पुलिस ने पंचनामा बनाकर जिला अस्पताल भेजा, जहां पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। कैंट थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी गई है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
