देवास। हनुमान अष्टमी पर शुक्रवार सुबह शहर भक्ति में डूबा नजर आया। तड़के 5 बजे एमजी रोड स्थित खेड़ापति हनुमान मंदिर से पारंपरिक प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भगवान खेड़ापति के रथ के निकलते ही पूरा मार्ग जयकारों और भजनों से गूंज उठा।
भक्तों ने भक्ति गीतों पर नाचते-गाते पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल बना दिया। जगह-जगह आतिशबाजी हुई और लोग सड़क किनारे खड़े होकर दर्शन करते रहे। प्रभात फेरी प्रमुख मार्गों से होती हुई मंदिर परिसर लौटकर समाप्त हुई। यह आयोजन वर्षों से खेड़ापति रामायण मंडल द्वारा किया जा रहा है।
हनुमान अष्टमी पर मंदिर को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया है। शाम 8ः30 बजे होने वाली महाआरती में बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने की उम्मीद है। विशेष आकर्षण के रूप में बाबा को 21 हजार लड्डुओं का महाभोग लगाया जाएगा, जो शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।