नीमच। इनरव्हील क्लब ऑफ नीमच डायमंड द्वारा समाज में स्वास्थ्य एवं सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फर्स्ट स्टेप स्कूल, नीमच में विद्यार्थियों के लिए दो महत्वपूर्ण जागरूकता सत्रों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत मासिक धर्म (पीरियड्स) जागरूकता सत्र में डॉ. इशिता जोशी ने विद्यालय की बालिकाओं को मासिक धर्म से जुड़ी आवश्यक जानकारी दी। उन्होंने स्वच्छता, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों तथा इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने पर विस्तार से प्रकाश डाला और बालिकाओं को आत्मविश्वास के साथ इस विषय को समझने व स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
वहीं नशा मुक्ति जागरूकता सत्र में डॉ. कृष्ण कुमार कारपेंटर ने विद्यार्थियों को नशे एवं ड्रग्स से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को नशे से दूर रहकर सकारात्मक सोच एवं अनुशासित जीवन अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में क्लब अध्यक्ष पूजा गर्ग, एडिटर शिवांगी जैन, पूजा खंडेलवाल, दिशा सैनी, दीपिका खंडेलवाल, प्रियंका नागदा, जयंती एनिया, डिंपल चांदना सहित क्लब की अनेक सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
विद्यालय के निदेशक शाहिद दुर्रानी एवं प्रधानाध्यापिका नसरीन दुर्रानी ने इनरव्हील क्लब ऑफ नीमच डायमंड के इस जनहितकारी एवं सराहनीय प्रयास के लिए आभार व्यक्त किया।