प्रतापगढ़। राजस्थान सरकार के राजस्व मंत्री हेमंत मीणा के प्रतापगढ़ नगर मंडल प्रवास के दौरान जिले में विकास उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर चित्तौड़गढ़ लोकसभा सांसद सीपी जोशी भी उनके साथ मौजूद रहे। दिनभर चले कार्यक्रमों में नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अनेक महत्वपूर्ण विकास कार्यों का शुभारंभ और लोकार्पण किया गया।
प्रवास कार्यक्रम की शुरुआत प्रतापगढ़ नगर के गांधी चौराहा स्थित श्रीराम टॉवर के विधिवत लोकार्पण से हुई। इसके पश्चात झांसड़ी स्थित श्री रोकडिया हनुमान मंदिर परिसर में निर्मित तोरण द्वार का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर आमसभा आयोजित हुई तथा राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पोस्टर विमोचन कार्यक्रम भी संपन्न हुआ।
उल्लेखनीय है कि श्रीराम टॉवर एवं श्री रोकडिया हनुमान मंदिर का तोरण द्वार नगर परिषद प्रतापगढ़ की सभापति रामकन्या गुर्जर की पहल से निर्मित किए गए हैं। इन निर्माण कार्यों से नगर के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती मिली है।
इसके पश्चात प्रतापगढ़ जिला चिकित्सालय में नवनिर्मित सीसीयू भवन का लोकार्पण किया गया। सीसीयू भवन के प्रारंभ होने से जिले की स्वास्थ्य सेवाएं सुदृढ़ होंगी तथा गंभीर रोगियों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध हो सकेगा। अपराह्न 3 बजे अरनोद क्षेत्र में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएससी) चिकित्सालय भवन का भी लोकार्पण किया गया। इससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को अपने क्षेत्र में ही उन्नत चिकित्सा सुविधाएं प्राप्त होंगी।
प्रवास कार्यक्रम के दौरान नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं आमजन उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों एवं आयोजकों ने बताया कि इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से प्रतापगढ़ जिले के स्वास्थ्य ढांचे, आधारभूत सुविधाओं एवं शहरी सौंदर्यीकरण को मजबूती मिलेगी, जिसका सीधा लाभ आम नागरिकों को मिलेगा।