नीमच। नीमच नरेश के दरबार में आज सफला एकादशी का पर्व बड़ी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। बावड़ी वाले बालाजी स्थित श्याम मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगी हुई है। भक्त बाबा श्याम के दर्शन कर पूजा-अर्चना कर रहे हैं। सफला एकादशी के पावन अवसर पर आज सुबह श्याम मंदिर में महा आरती की गई। मंदिर में बाबा का कोलकाता और दिल्ली से मंगाए गए सुंदर फूलों से भव्य और आकर्षक श्रृंगार किया गया है। पूरे मंदिर परिसर को खास तौर पर सजाया गया है, जिससे भक्तिमय माहौल बना हुआ है।शाम को श्याम मंदिर में भव्य ताली कीर्तन के साथ विशेष आरती होगी। इसके बाद श्रद्धालुओं को फलियारी प्रसाद वितरित किया जाएगा। मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित गोपाल शर्मा ने बताया कि कल इस अवसर पर जावद से एक विशाल निशान यात्रा तिलक मार्ग स्थित श्याम मंदिर पहुंची थी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए थे।धार्मिक मान्यता के अनुसार सफला एकादशी भगवान विष्णु को समर्पित है। इस दिन व्रत और भक्ति करने से जीवन की परेशानियां दूर होती हैं और सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है। भक्त अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं।