नीमच। भाजपा सरकार के मंत्री विजय शाह द्वारा लाड़ली बहना योजना की लाभार्थी महिलाओं को लेकर दिए गए कथित बयान के विरोध में जिला महिला कांग्रेस ने आपत्ति दर्ज कराई है। महिला कांग्रेस की ओर से जिलाधीश के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि मंत्री विजय शाह ने हाल ही में एक बैठक के दौरान कहा कि यदि लाड़ली बहना योजना की लाभार्थी महिलाएं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का सम्मान नहीं करेंगी, तो उनकी सहायता राशि में वृद्धि नहीं की जाएगी तथा उनकी पात्रता की जांच लंबित कर दी जाएगी। महिला कांग्रेस ने इस बयान को महिलाओं के सम्मान और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताया है।
जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष आशा सांगर ने कहा कि लाड़ली बहना योजना महिलाओं का अधिकार है, न कि किसी प्रकार के राजनीतिक दबाव का माध्यम। इस तरह की टिप्पणी महिलाओं को डराने और प्रभावित करने का प्रयास है, जो किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि मंत्री विजय शाह पूर्व में भी कई बार विवादित बयान दे चुके हैं। महिला कांग्रेस ने उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की है।
इस अवसर पर आशा सांभर, शमीदा मिर्जा, अनिता धनेटवाल, रुखसाना खान, चेतना लालका, उषा सचदेवा, सुमित्रा खींची, आयशा, जावेद दुर्रानी सहित महिला कांग्रेस की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।