सिंगोली। कस्बे में बुधवार को प्रतिबंधित चाइनीज मांझा एक बार फिर जानलेवा साबित होने से बच गया। इस घटना में एक स्कूली बच्चे के गले में गहरा कट लग गया। गनीमत रही कि बच्चे ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते मांझे को गले से हटा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना की जानकारी मिलते ही बच्चे के पिता कन्हैयालाल जंगम मौके पर पहुंचे और घायल बालक को थाने लेकर गए। उन्होंने पुलिस से प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बेचने वाले व्यापारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई करते हुए कस्बे में पतंग बेचने वाले व्यापारियों की दुकानों की तलाशी ली। हालांकि देर शाम तक किसी भी दुकान से चाइनीज मांझा बरामद नहीं हुआ।

इसके बाद थानाधिकारी भूरालाल भाबर ने कस्बे के सभी पतंग व्यापारियों की बैठक बुलाकर उन्हें चाइनीज मांझा न बेचने की कड़ी हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में किसी के पास चाइनीज मांझा पाया गया तो संबंधित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में नीमच कलेक्टर हिमांशु चंद्रा द्वारा चाइनीज मांझा बेचने एवं उसके उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। इसके बावजूद गुपचुप तरीके से इसकी बिक्री की आशंका बनी हुई है। पुलिस ने व्यापारियों को साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
