चित्तौड़गढ़। ब्रह्माकुमारीज गांधीनगर सेवा केंद्र के तत्वावधान में ब्रह्माकुमारीज समाज सेवा प्रभाग द्वारा “संगम : गौरवपूर्ण वृद्धावस्था एवं सम्मानित जीवन” विषय पर केशव माधव सभागार में वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे तथा लगभग 200 वरिष्ठजन शामिल हुए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक चंद्रभान सिंह आक्या रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में वरिष्ठ नागरिक संघ के अध्यक्ष अमरकंठ उपाध्याय, चित्तौड़गढ़ अरबन को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं राष्ट्र सेविका समिति की क्षेत्र कार्यवाहिका वंदना वजीरानी, अरबन बैंक एवं चित्तौड़गढ़ न्यू क्लॉथ मार्केट निर्माण सहकारी समिति के अध्यक्ष आई. एम. सेठिया, सुशील शर्मा (पूर्व उपसभापति), पूर्व जिला कोषाध्यक्ष शैलेंद्र झंवर तथा पूर्व भाजपा नगर महामंत्री ओम शर्मा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन ब्रह्माकुमारी लवीना बहन ने किया। अतिथियों एवं वरिष्ठजनों का स्वागत ब्रह्माकुमारी कविता बहन, चित्तौड़गढ़ सेवा केंद्र संचालिका द्वारा किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता ब्रह्माकुमारी अंकिता बहन (मोटिवेशनल स्पीकर) रहीं। उन्होंने जीवन को सहज, सरल एवं तनावमुक्त बनाने की विधियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आंतरिक कमियों को दूर कर आत्मा को शक्ति, गुण एवं ज्ञान से सम्पन्न बनाना चाहिए।
उन्होंने वरिष्ठजनों की तुलना वृक्ष से करते हुए कहा कि जैसे वृक्ष फल देकर दूसरों का पोषण करता है, वैसे ही वरिष्ठजन अनुभवों के खजाने होते हैं। हमें संसार को देना है और लेना केवल परमात्मा से, क्योंकि हम सभी भगवान के अधिकारी बच्चे हैं। उन्होंने जीवन का महामंत्र बताया- “जो हम देंगे, वही लौटकर हमारे जीवन में आएगा।” कार्यक्रम के दौरान वंदना वजीरानी द्वारा उपस्थित जनों को शपथ एवं संकल्प दिलाया गया, जिससे वातावरण में नई ऊर्जा एवं सकारात्मकता का संचार हुआ।
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी कविता बहन (बेगूं), ब्रह्माकुमारी काजल बहन तथा ब्रह्मा कुमार विनय भाई विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के पश्चात सभी वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान किया गया। प्रत्येक वृद्धजन को ईश्वरीय प्रसाद, तिलक, उपरना एवं प्रेरणादायी स्लोगन भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन ब्रह्माकुमारी सुमन बहन (बेगूं) द्वारा किया गया। कार्यक्रम का समापन सम्मान, आध्यात्मिक सशक्तिकरण एवं सकारात्मक संकल्प के साथ हुआ।