नीमच। रोटरी सामुदायिक भवन में रविवार को संस्कृति ग्रुप के तत्वावधान में विंटर सीजन एग्जिबिशन का भव्य आयोजन किया गया। एक दिवसीय महिला गृह उद्योग मेला सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य महिला उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाते हुए उनके उत्पादों के प्रचार-प्रसार एवं विपणन के लिए सशक्त मंच प्रदान करना रहा।
संस्कृति ग्रुप महिलाओं के उत्थान और सशक्तिकरण को लेकर सामाजिक, आर्थिक, स्वास्थ्य एवं जनहितकारी गतिविधियों का निरंतर आयोजन करता आ रहा है। इसी क्रम में आयोजित इस एग्जिबिशन में महिला उद्यमियों की प्रतिभा और मेहनत को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया।
मेले में लगभग 30 आकर्षक स्टॉल लगाए गए, जिनमें ज्वेलरी, सूट-साड़ी, हर्बल उत्पाद, गर्म वस्त्र, पर्स, खानपान सामग्री, वुडन आइटम्स, होममेड उत्पाद तथा गृह-सज्जा से जुड़ी विविध वस्तुएं शामिल रहीं। गुणवत्तापूर्ण एवं किफायती उत्पादों की उपलब्धता के चलते खरीदारों में खासा उत्साह देखा गया।
रोटरी हॉल में सजी प्रदर्शनी को लेकर महिलाओं और पुरुषों में भारी उत्साह रहा। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग प्रदर्शनी स्थल पर पहुंचकर खरीदारी करते नजर आए, जिससे महिला उद्यमियों का मनोबल बढ़ा।
प्रदर्शनी का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं फीता काटकर किया गया। आयोजन को सफल बनाने में प्रत्याशा दुबे, सोनू शर्मा, नूतन प्लास, आकांक्षा प्लास, सुगंधा शक्तावत, पद्मा सिंह, मंजुला शर्मा, तारा सोनी, प्रेमलता पंवार सहित संस्कृति ग्रुप की समस्त सदस्याओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
आयोजन समिति की अध्यक्ष प्रत्याशा दुबे ने बताया कि विंटर सीजन एग्जिबिशन के माध्यम से महिला उद्यमिता एवं स्थानीय गृह उद्योगों को नई पहचान दिलाने का प्रयास किया गया है।