मनासा। गांव खेड़ी में आयोजित भव्य शादी की श्रीमद् भागवत कथा के अंतर्गत आज कथा पंडाल में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। कथा वाचन के क्रम में पंडित सुरेश जी प्रधान ने अपने मुखारविंद से आज के प्रमुख प्रसंगों का अत्यंत भावपूर्ण और ज्ञानवर्धक वर्णन किया।
आज की कथा में भगवान के वराह अवतार, कपिल अवतार, देहुति माता को ज्ञान की प्राप्ति, भगवान शिव-पार्वती विवाह एवं भगवान कार्तिकेय के जन्म जैसे दिव्य प्रसंगों का विस्तार से वर्णन किया गया। इन प्रसंगों को सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और कथा स्थल जयकारों से गूंज उठा।
पंडित सुरेश प्रधान ने वराह अवतार के माध्यम से धर्म की रक्षा और पृथ्वी उद्धार का संदेश दिया, वहीं कपिल अवतार एवं देहुति संवाद के जरिए भक्तों को सांख्य योग और आत्मज्ञान का महत्व समझाया। शिवदृपार्वती विवाह प्रसंग में दाम्पत्य जीवन के आदर्शों पर प्रकाश डाला गया तथा कार्तिकेय जन्म कथा से वीरता, धर्म और कर्तव्यबोध का संदेश मिला।
श्रीमद् भागवत कथा में समस्त ग्रामवासी बड़ी संख्या में उपस्थित होकर कथा श्रवण कर धर्म लाभ ले रहे हैं। पूरा गांव इन दिनों भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत नजर आ रहा है।