नीमच। शांति, प्रेम और करुणा के प्रतीक प्रभु यीशु मसीह का पावन जन्मोत्सव क्रिसमस बुधवार को नीमच में ईसाई समाज द्वारा पूरे श्रद्धा, हर्षाेल्लास और आत्मीयता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्रभु यीशु के प्रेम, सेवा और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
नीमच स्थित चर्च आशीष भवन में आयोजित विशेष प्रार्थना सभा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। ईसाई समाजजनों ने सामूहिक प्रार्थना की, जिसके पश्चात केक काटकर क्रिसमस की खुशियां साझा की गईं।
इस अवसर पर फादर विनोद महिड़ा ने देशवासियों एवं शहरवासियों को क्रिसमस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रभु यीशु का जीवन प्रेम, त्याग और सेवा की प्रेरणा देता है। उनका संदेश आज भी समाज में शांति, सद्भाव और भाईचारे की स्थापना के लिए अत्यंत प्रासंगिक है।
क्रिसमस समारोह में ईसाई समाज के साथ-साथ अन्य समाजों के लोगों की सहभागिता ने आपसी सौहार्द और सामाजिक एकता का सशक्त संदेश दिया। इस मौके पर चर्च आशीष भवन को आकर्षक ढंग से सजाया गया। रंगीन रोशनी, सुंदर सजावट और सजे-धजे क्रिसमस ट्री ने पूरे परिसर को उत्सवमय बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान सभी ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं देकर पर्व की खुशियां साझा कीं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ईसाई समाजजन एवं अन्य समाजों के लोग उपस्थित रहे।