नीमच। पूर्व विधायक डॉ. संपत स्वरूप जाजू ने बयान जारी कर कहा है कि मंदसौर संसदीय क्षेत्र को रेल सुविधाएं देने के दावे एक बार फिर खोखले साबित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि 28 तारीख से जयपुर से गोवा (मडगांव) तक विशेष ट्रेन चलाई जा रही है, जिसका ठहराव किशनगढ़ और विजयनगर जैसे छोटे स्टेशनों पर दिया गया है, लेकिन नीमच और मंदसौर जैसे जिला मुख्यालयों को इससे वंचित रखा गया है।

डॉ. जाजू ने सवाल उठाया कि आखिर नीमच-मंदसौर की इस उपेक्षा के लिए कौन जिम्मेदार है? उन्होंने कहा कि जिम्मेदार जनप्रतिनिधि “नींद में मस्त” हैं और क्षेत्र को रेल सुविधाओं से वंचित किया जा रहा है। यह रेल मंत्रालय का सौतेला व्यवहार प्रतीत होता है।

उन्होंने बताया कि नीमच जिले के सांसद सुधीर गुप्ता, नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार तथा केट के संरक्षक दर्शन गांधी रेलवे सलाहकार समिति के सदस्य हैं। वहीं राज्यसभा सांसद बंसीलाल गुर्जर भी मंदसौर क्षेत्र से हैं, लेकिन दुर्भाग्यवश किसी भी जिम्मेदार जनप्रतिनिधि ने जयपुर-गोवा विशेष ट्रेन के ठहराव के लिए नीमच और मंदसौर में ठोस प्रयास नहीं किए।

डॉ. जाजू ने कहा कि अभी भी समय है। यदि जनप्रतिनिधि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से संपर्क करें, तो नीमच और मंदसौर में ठहराव के लिए तुरंत आदेश जारी करवाए जा सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जयपुर से गोवा तक चलने वाली यह विशेष ट्रेन पहली बार चित्तौड़गढ़-रतलाम मार्ग से संचालित की जा रही है, इसके बावजूद मंदसौर और नीमच को नजरअंदाज किया जाना पूरे संसदीय क्षेत्र के साथ अन्याय है।
