नीमच। बांग्लादेश में श्री दीपू दास के साथ हुई निर्मम, अमानवीय एवं शर्मनाक घटना को लेकर सोमवार को नीमच में सर्व हिंदू समाज का आक्रोश फूट पड़ा। घटना के विरोध में सर्व हिंदू समाज एवं विभिन्न हिंदू संगठनों ने एकजुट होकर महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुए भारत सरकार से तत्काल और निर्णायक हस्तक्षेप की मांग की।
इस दौरान फोर ज़ीरो भारत माता चौराहा पर प्रतीकात्मक पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया गया। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि यह घटना केवल एक व्यक्ति पर नहीं, बल्कि मानवता, लोकतंत्र और मानवाधिकारों पर सीधा हमला है। साथ ही कहा गया कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर लगातार हो रहे अत्याचार क्षेत्रीय शांति के लिए गंभीर खतरा बनते जा रहे हैं।
सर्व हिंदू समाज ने निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच, दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई तथा बांग्लादेश में रह रहे अल्पसंख्यक हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाजजन एवं हिंदू संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में चेताया कि यदि पीड़ितों को न्याय और अल्पसंख्यकों को सुरक्षा नहीं मिली तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।